हिंडनबर्ग के झटके से बाहर आया अडानी ग्रुप, गौतम अडानी बने दुनिया के 11वें सबसे अमीर बिजनेसमैन

हिंडनबर्ग के झटके से बाहर आया अडानी ग्रुप, गौतम अडानी बने दुनिया के 11वें सबसे अमीर बिजनेसमैन

करीब डेढ़ साल पहले हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के कारण बड़े झटके का सामना करने के बाद भारतीय उद्योगपति गौतम अडाणी अब पूरी तरह से उबर चुके हैं। इस अवधि में गौतम अडाणी एक बार फिर दुनिया के सबसे धनवान कारोबारी की सूची में टॉप 10 के काफी करीब पहुंच गए हैं।

गौतम अडाणी ने संपत्ति के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी को भी पीछे छोड़ दिया है। फिलहाल गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति 111 अरब डालर हो गई है, जबकि मुकेश अंबानी की निजी संपत्ति 109 अरब डॉलर है। दुनिया के सबसे रईस कारोबारी की सूची में गौतम अडाणी 11वें स्थान पर और मुकेश अंबानी 12वें स्थान पर काबिज हैं।

गौरतलब है कि जब हिंडनबर्ग रिसर्च ने अपनी रिपोर्ट में अडाणी ग्रुप पर स्टॉक में हेर-फेर और अकाउंटिंग फ्रॉड करने समेत कई आरोप लगाए थे, उस समय गौतम अडाणी 150 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ दुनिया के टॉप 5 रईस कारोबारियों की सूची में शामिल थे। लेकिन इस रिपोर्ट में लगे आरोपों के बाद अडाणी ग्रुप के शेयरों में जोरदार गिरावट आई थी। खुद गौतम अडाणी की संपत्ति घटकर 37.72 अरब डॉलर के स्तर पर आ गई थी।

बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हुई जांच और अमेरिकी जांच एजेंसियों की रिपोर्ट में हिंडनबर्ग रिसर्च के रिपोर्ट को आधारहीन और स्वार्थप्रेरित पाए जाने के बाद अडाणी ग्रुप के शेयरों ने दोबारा तेजी पकड़ ली। इस तेजी की वजह से ही गौतम अडाणी एक बार फिर 111 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ भारत और एशिया के सबसे रईस कारोबारी बनने में सफल हुए हैं।

बर्नार्ड अरनॉल्ट 207 अरब डॉलर के साथ दुनिया सबसे अमीर कारोबारी

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक फिलहाल फ्रांसीसी कारोबारी और लुई वीटो (एलवीएमएच) के संस्थापक बर्नार्ड अरनॉल्ट 207 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे रईस कारोबारी की सूची में पहले स्थान पर हैं। वहीं टेस्ला के संस्थापक एलन मस्क 203 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दूसरे और अमेजन के जेफ बेजॉस 199 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।

ब्लूमबर्ग अरबपतियों की सूची में इन भारतीय का नाम भी है शामिल

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स में गौतम अडाणी और मुकेश अंबानी के अलावा टॉप 100 रईसों की सूची में भारतीय कारोबारियों में से शापूरजी मिस्त्री 36.14 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 44वें स्थान पर, सावित्री जिंदल 32.62 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 49वें स्थान पर, शिव नाडर 31.61 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 51वें स्थान पर, अजीम प्रेमजी 25.53 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 68वें स्थान पर, दिलीप सांघवी 23.82 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 79वें स्थान पर, कुमार बिरला 20.90 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 89वें स्थान पर, लक्ष्मी मित्तल 20.54 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 95वें स्थान पर, साइरस पूनावाला 20.51 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 97वें स्थान पर और राधाकृष्ण दमानी 20.22 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 100वें स्थान पर हैं।